दारचा से आगे वाहनों की अनुमति नही
शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। लाहौल की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। शिमला में बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओले गिरे हैं। लाहौल-स्पीति व कुल्लू में हल्की बर्फबारी और बारिश हुई। मनाली में सुबह बारिश हुई। मनाली-लेह मार्ग पर वाहन आवाजाही को जिंगजिंगबार से आगे बर्फबारी के चलते रोका गया। बारालाचा दर्रे में बर्फ जमने से दारचा से आगे किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
देर शाम तक सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने बर्फ हटाकर रास्ता खोल दिया, लेकिन यातायात आवाजाही पर प्रशासन फैसला लेगा। दो से तीन दिनों में मानसून प्रदेश से विदा हो जाएगा। छह जिलों कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में मानसून सीजन खत्म हो चुका है, जबकि जिला शिमला के निचले भागों से यह आंशिक रूप से जा चुका है।
कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, मंडी और शिमला के ऊपरी क्षेत्रों से यह दो-तीन दिनों के भीतर विदा हो जाएगा। पिछले वर्ष भी 3 अक्तूबर को मानसून विदा हुआ था। इस साल मानसून सीजन में सामान्य से 20 फीसदी अधिक बारिश हुई है। 24 जून को मानसून ने प्रदेश में प्रवेश किया। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ अभी सक्रिय है।
दो अक्तूबर को कुछ क्षेत्रों में बारिश और तीन अक्तूबर के बाद सप्ताह भर के लिए राज्य में मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान है। प्रदेश में मौसम साफ होने के साथ ही घास कटाई का काम भी शुरू हो गया है। सेब बगीचों समेत चरागाहों और घासणियों में घास कटाई शुरू कर दी गई है। घास काटने का यह सीजन महीने भर चलेगा। इसके लिए मजदूरों की मांग बढ़ गई है।
इस मानसून सीजन में 24 जून से एक अक्तूबर तक 503 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। कुल 519 घायल हुए हैं। इनमें से 199 की सड़क हादसों में मौत हो गई। राज्य में 2941 घर पूरी तरह ढह गए हैं। वहीं 12302 को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त 421 दुकानों व 7247 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। मानसून सीजन के दौरान अब तक 9711.95 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। अब तक राज्य में भूस्खलन की 169 और अचानक बाढ़ की 72 घटनाएं सामने आई हैं।
हिमाचल प्रदेश में छह दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। हालांकि, आज एककृदो स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में आठ अक्टूबर तक मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है।
प्रदेश के शिमला में न्यूनतम तापमान 14.1, सुंदरनगर 17.7, भुंतर 15.9, कल्पा 7.8, धर्मशाला 17.2, ऊना 17.2, नाहन 20.1, केलांग 5.6, पालमपुर 15.5, सोलन 15.6, मनाली 12.1, कांगड़ा 19.8, मंडी 16.6, बिलासपुर 21.4, चंबा 18.0, डलहौजी 14.0, जुब्बड़हट्टी 17.5, कुफरी 12.8, कुकुमसेरी 6.3, नारकंडा 11.6, रिकांगपिओ 11.9, धौलाकुआं 22.8, बरठीं 19.0, मशोबरा 14.4, सराहन 13.0 और देहरा गोपीपुर में 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
शिमला में अधिकतम तापमान 23.4, बिलासपुर 32.8, चंबा 26.2, भुंतर 31.0, केलांग 13.1, भरमौर 27.7, कांगड़ा 28.6, सुंदरनगर 30.5, मंडी 30.8, बरठीं 30.4, सोलन 27.5, रिकांगपिओ 24.3 और धौलाकुआं में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
