श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश और हिमपात होने के आसार हैं। यहां न्यूनतम तापमान में सुधार होने के बावजूद घाटी में जमाव बिंदु में कमी देखी गयी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को बताया कि जम्मू के मैदानी इलाकों में आज और कल शाम को हल्की से मध्यम बारिश जबकि कश्मीर में कई स्थानों पर हिमपात होनेके आसार हैं। यहां बादल छाए रहेंगे। उन्होंने बताया कि यहां 31 दिसंबर से पांच जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा।
शुक्रवार को सोनमर्ग-जोजिला, गुरेज-बांदीपोरा, मुगल रोड, सदनाटॉप सहित अन्य स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं, जिससे लोगों को आवाजाही करने में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में बुधवार रात का तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक दिन पहले तापमान शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। इस दौरान, यहां बुधवार को इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। गुरुवार को तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जो सामान्य से शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। पर्यटन स्थल गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट का तापमान शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो इस मौसम में सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को कुकरनाग में शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि कुपवाड़ा जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
कश्मीर में हिमपात होने के आसार
