गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हिमपात

शिमला : हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में रविवार रात से हिमपात जारी है और कई स्थानों पर हल्की आंधी चली। राज्य के बाकी हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। शिमला मौसम कार्यालय के अनुसार लाहौल-स्पीति जिले के कुकमसेरी में 50 सेमी हिमपात हुआ, जिला मुख्यालय केलांग में 15 सेमी और किन्नौर के कल्पा में 1.5 सेमी हिमपात हुआ। चंबा के भरमौर में 11 मिमी, मनाली में नौ मिमी, डलहौजी में पांच सेमी और चंबा में चार मिमी बारिश हुई।
राज्य का न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री ऊपर रहा; कुकमसेरी शून्य से 0.5 डिग्री नीचे, कल्पा 0.5 डिग्री, मनाली और डलहौजी 2.8 डिग्री, और शिमला 7.2 डिग्री (सामान्य से 3.8 डिग्री ऊपर), हवाई अड्डा भुंतर 6.5 और जुब्बरहटी में तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। धर्मशाला और बिलासपुर में तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 13.8 डिग्री सेल्सियस (सबसे गर्म), वम्बा और ऊना में 9 डिग्री सेल्सियस, मंडी में 9.8 डिग्री सेल्सियस और नाहन में 10 डिग्री सेल्सियस रहा।
राज्य में दो पश्चिमी विक्षोभ, एक चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर बारिश या हिमपात के आसार जताये गये हैं। मौसम विभाग ने राज्य में बहुत भारी बारिश या ओलावृष्टि के आसार जताते हुए रेड अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटों में राज्य में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *