गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर घाटी में हिमपात, उड़ानें रद्द

श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में श्रीनगर सहित कश्मीर घाटी के प्रमुख हिस्सों में हिमपात और बारिश के कारण शुक्रवार को श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया और श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आने-जाने की उड़ानें रद्द कर दी गयीं।
श्रीनगर हवाईअड्डा प्राधिकरण ने एक ट्वीट में कहा था कि लगातार खराब मौसम के कारण हवाई अड्डे पर आज के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं तथा रद्द की गई उड़ानों के यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त कीमत के अगली उपलब्ध उड़ान में संबंधित एयरलाइंस द्वारा समायोजित किया जाएगा।
इससे पहले श्रीनगर हवाईअड्डे ने एक अन्य ट्वीट में कहा था कि लगातार हो रही बर्फबारी और कम दृश्यता के कारण श्रीनगर हवाईअड्डे पर सुबह 10 बजे से उड़ान संचालन बंद कर दिया गया है। खराब मौसम के कारण एयर एशिया, इंडिगो, स्पाइसजेट, एयरइंडिया और विस्तारा ने आज के लिए अपनी सभी शेष उड़ानें रद्द कर दी हैं।
सड़क के विभिन्न भागों पर बर्फबारी और बारिश के कारण खराब मौसम ने श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को भी बंद कर दिया। लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश में लेह को जोड़ने वाली श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी (एसएसजी) सड़क और दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू संभाग के जिलों राजौरी और पुंछ से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड भी बर्फ जमा होने के कारण बंद रही।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी कश्मीर जिले के कुपवाड़ा और बांदीपोरा के कई दूर दराज के इलाके भी बर्फबारी के कारण बंद रहे। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में ताजा हिमपात के साथ बारिश ने सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। श्रीनगर में आज दोपहर दो सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।
श्रीनगर और इसके आस-पास के इलाके में छतों, सड़कों पर जमी बर्फ से लोगों और पर्यटकों में बहुत खुशी है। दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में दिन में 28 सेमी बर्फ गिरी। दक्षिण कश्मीर में चरवाहों की घाटी में बादल छाए हुए थे।
इसी तरह, कोकेरनाग में 23 सेंटीमीटर बारिश और हिमपात हो रहा था, जबकि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय तरफ काजीगुंड में बर्फ के बीच 10 सेंटीमीटर बारिश हुई।
सीमावर्ती कश्मीर जिले के कुपवाड़ा में दोपहर तक पांच सेंटीमीटर बारिश हुई और सीमावर्ती जिले में फिर से हिमपात शुरू हो गया।
मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा कि बारिश और हिमपात में धीरे-धीरे कमी आने और आज रात तक बंद होने की संभावना है और मैदानी इलाकों में भारी हिमपात की उम्मीद नहीं है। कश्मीर में बुधवार से मौसम सुहावना हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *