लोसर-कुंजुम सहित एनएच-505 वाहनों की आवाजाही बंद
शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट लेते ही ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ जिससे राज्य में ठंड़ शुरू हो गई है।
प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले के ऊंचे दरों पर लगातार हो रही बर्फबारी के चलते जिला प्रशासन ने एहतियातन लोसर और कुंजम पास और शिंकुला पास के दारचा शिंकुला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही आगामी आदेशों तक बंद कर दी है। बर्फबारी से एनएच 505 (ग्रांफु-काजा) फिलहाल वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।
बीआरओ सड़क को खोलने में जुट गया है। मौसम खराब होने के कारण अभी एनएच खुलने में वक्त लग सकता है। मौसम विभाग ने नौ और 10 नवंबर को प्रदेश के कई इलाकों में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है जिसमें लोसर स्पीति में बर्फबारी होने का अनुमान है।
केंलाग से उपायुक्त लाहौल स्पीति एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सुमित खिमटा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि एनएच-505 ग्रामफू-काजा हाईवे और शिंकुला टॉप दारचा शिंकुला रोड ग्रामफू से लोसर दारचा से शिंकुला सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगी।
उपायुक्त सुमित खिमटा ने बताया की बीआरओ द्वारा सड़क बहाल करने के उपरान्त एवं बीआरओ से मंजूरी के बाद ही वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। उपायुक्त खिमटा ने खराब मौसम के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को घाटी में यात्रा करते समय बहुत सतर्क रहने की सलाह दी है। सभी होटल और होमस्टे मालिकों से भी अनुरोध किया है कि वे अपने मेहमानों को भी इसी तरह सलाह दें।
