गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल प्रदेश में चांशल, हाटू पीक पर बर्फबारी

शिमला : हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर बुधवार को बारिश और बर्फबारी हुई जिससे संबंधित इलाकों का तापमान नीचे गिर गया। शिमला जिले के चांशल, नारकंडा, हाटू पीक, खड़ा पत्थर, चूड़धार चोटी सहित अन्य उच्च पर्वतीय कुछ भागों में बुधवार शाम हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गयी। वहीं, 18 से 23 जनवरी से राज्य के सभी भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। उधर, राज्य के कई मैदानी जिलों में कोहरे व ठंड का कहर जारी रहने के आसार हैं।
विभाग ने आगामी दो दिनों के दौरान सुबह के समय मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा (नूरपुर), सिरमौर (पांवटा साहिब-धौलाकुआं) और सोलन (बद्दी- नालागढ़) के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, ऊना व मंडी जिले में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
बुधवार सुबह प्रदेश के अन्य मैदानी जिलों कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर सहित सोलन और सिरमौर के कई क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है। वहीं, राजधानी शिमला में धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए हैं।
शिमला में न्यूनतम तापमान 3.6, सुंदरनगर 1.7, भुंतर 1.7 , कल्पा -1.6, धर्मशाला 5.2, ऊना 2.0, नाहन 7.1, पालमपुर 4.0, सोलन 1.8, मनाली 1.1, कांगड़ा 3.6, मंडी 1.7, चंबा 3.9, डलहौजी 2.8, जुब्बड़हट्टी 5.2, कुफरी 2.2, कुकुमसेरी -8.8, नारकंडा 0.4, रिकांगपिओ 1.6, सेऊबाग 1.4, धौलाकुआं 4.7, बरठीं 2.3, पांवटा साहिब 6.0 और सराहन में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *