गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दादरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगा सोलर प्लांट

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के दादरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 10 केडब्ल्यूपी क्षमता वाली सौर ऊर्जा इकाई लगायी गयी है। इस सौर ऊर्जा इकाई को वोल्वो कार इंडिया द्वारा स्थापित किया गया है जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बिजली की जरूरतों को पूरा करेगी, साथ ही किसी भी असंभावित परिस्थिति के चलते बिजली नहीं रहने पर भी सामान्य कामकाज का सुचारू तरीके से संचालन सुनिश्चित होगा। इस केन्द्र में प्रतिदिन 700 से अधिक मरीज आते हैं।
कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि उद्योग संगठन एसोचैम के साथ मिलकर उसने यह संयंत्र लगाया है। कंपनी के प्रबंध निदेशक ज्योति मल्होत्रा ने कहा, “वॉल्वो के लिए सस्टेनेबिलिटी सिर्फ अपने प्रोडक्ट्स तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हम समुदायों के लिए जो कुछ भी करते हैं उसमें भी सस्टेनेबिलिटी को शामिल करते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को नवीकरणीय स्रोतों से बिजली उपलब्ध कराना, सही मायने में इन केंद्रों द्वारा एक बड़ी ग्रामीण आबादी को दी जाने वाली सेवाओं की कुशलता बढ़ाने का स्थायी और सबसे किफायती तरीका है।

दादरी के सीएचसी में सोलर प्लांट लगाने से यह सुनिश्चित होगा कि इस स्वास्थ्य केंद्र को नवीकरणीय स्रोतों से बिजली प्राप्त हो, और इस तरह बिजली की खपत पर होने वाला खर्च काफी कम हो जाएगा। इससे तैयार होने वाली अतिरिक्त हरित बिजली को ग्रिड में भेजा जाएगा, और इस तरह हम सस्टेनेबिलिटी में पहले की तुलना में अधिक योगदान दे पाएंगे।”
एसोचैम के महासचिव और एएफसीएसआर के ट्रस्टी दीपक सूद ने कहा, “एसोचैम भारतीय उद्योग के साथ मिलकर काम करता है, ताकि समुदाय के लोग प्रगति के लिए टेक्नोलॉजी का लाभ उठा सकें और अपने जीवन की समग्र गुणवत्ता को बेहतर बना सकें। सरकार द्वारा स्थापित इन स्वास्थ्य केंद्रों से देश भर के सभी समुदायों को लाभ मिलता है, साथ ही उद्योग जगत के एक प्रमुख निकाय के रूप में एसोचैम अपने सदस्यों को इन केंद्रों को बेहतर बनाने में मदद करता है, जिसमें उपकरणों से लेकर इससे संबंधित हर प्रकार की सहायता शामिल है। दादरी में सौर ऊर्जा संयंत्र को स्थापित करने में वॉल्वो कार्स इंडिया के साथ इस साझेदारी पर हमें गर्व का अनुभव हो रहा है। इस स्वास्थ केंद्र को बिजली के भरोसेमंद बैकअप सिस्टम की जरूरत थी, और यह पहल इसी आवश्यकता को पूरा करेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *