पीलीभीत : उत्तर प्रदेश में पीलीभीत के बरखेडा थाने में तैनात एक सिपाही ने पारिवारिक कलह के चलते सोमवार को फांसी लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घर में मौजूद पत्नी के शोर शराबा करने पर जमा हुए लोगों ने सिपाही को फंदे से उतारा और अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत में सिपाही को जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना के बाद एएसपी, सीओ ने जिला अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाई।
बरखेड़ा थाने में तैनात सिपाही आकाश वर्मा जून 2022 से तैनात है। एक साल पूर्व सिपाही का विवाह हुआ था। पिछले कुछ माह से बरखेड़ा कस्बे के वार्ड दो में किराए के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। शाम करीब चार बजे सिपाही घर में मौजूद था। इस बीच पत्नी से कोई बातचीत होने लगी और अवसाद में आकर सिपाही घर के कमरे को बंद कर खुदकुशी के लिए फंदा लगाकर लटक गया।
भनक लगते ही पत्नी ने शोर शराबा शुरू किया। इसपर आसपास के लोग जमा हो गए। किसी तरह कमरे का दरबाजा खोलकर सिपाही को फंदे से उतारा गया। इसके बाद बरखेड़ा सीएचसी लेकर पहुंचे।
जानकारी पर बरखेड़ा पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। हालत गंभीर होने पर सिपाही को देर शाम जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां इमरजेंसी में चिकित्सकों ने इलाज प्रारम्भ कर दिया। सूचना के बाद एएसपी अनिल कुमार यादव, सीओ सदर प्रतीक दहिया ने जिला अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।
सिपाही ने किया खुदकुशी का प्रयास
