सिरसा : दुष्यंत चौटाला ने मंगलवार को जिला के गांव चौटाला में 133 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 15 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करते हुए कहा कि राज्य का विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता है। चौटाला ने इनमें एक करोड़ 6 लाख रुपये की दो परियोजनाओं का लोकार्पण व 132 करोड़ 65 लाख रुपये की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांव चौटाला में पीने के पानी, सीवरेज सिस्टम व सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की सुचारू व्यवस्था बने, यह उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है। एसटीपी प्लांट के माध्यम से कृषि के लिए शोधित जल उपलब्ध करवाया जाएगा। महाग्राम योजना की तर्ज पर लगभग 72 करोड़ रूपये की लागत से गांव में पीने के पानी, सीवरेज सिस्टम व एसटीपी का निर्माण करवाया जाएगा। दो वाटर वर्क्स व तीन कैचमेंट एरिया के साथ एसटीपी के माध्यम से पानी के शोधन व फ्रेश वाटर डिलीवरी तक का प्रोसेस किया जाएगा। इसके अलावा गांव के सौंदर्यीकरण को बढावा देने के लिए गांव के दो पुराने तालाब का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसके अलावा गांव चौटाला में इंडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा तथा मल्टी फ्लोर बाजार बनाकर इसे और अधिक विकसित किया जाएगा। इसके अलावा 77 किलोमीटर का नया रोड नेटवर्क सिरसा जिला में बिछाया जाएगा जिसमें पीएमजीएसवाई व विभागीय रोड वर्क शामिल है, इसमें सड़क का निर्माण, चौड़ा करना व मजबुतिकरण का कार्य शामिल है।
इस दौरान उन्होंने गांव के फलसा चौक पर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को तत्परता से समाधान के निर्देश भी दिए।
आमजन की समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता
