गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सोरेन को नहीं मिली अंतरिम जमानत

सुप्रीम कोर्ट की अवकाशकालीन पीठ 21 को करेगी सुनवाई
नयी दिल्ली।
उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को कहा कि झारखंड में कथित भूमि घोटाले से संबंधित धन शोधन के एक मामले में तीन माह से अधिक समय से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका पर शीर्ष अदालत की अवकाशकालीन पीठ 21 मई को सुनवाई करेगी।
न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दिपांकर दत्ता की पीठ ने पूर्व मुख्यमंत्री की याचिका पर संबंधित पक्षों की संक्षिप्त दलीलें सुनने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को अगली सुनवाई से पहले सोमवार तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।
ईडी की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस वी राजू ने इससे पहले पीठ के समक्ष जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय देने की गुहार लगाई थी।
न्यायमूर्ति खन्ना की अध्यक्षता वाली पीठ श्री सोरेन का पक्ष रख रहे वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के शीघ्र सुनवाई करने के विभिन्न दलीलों के जरिए बार-बार अनुरोध करने पर 13 मई को ईडी को नोटिस जारी किया था और 17 मई को सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।
पीठ पिछली तारीख को ही इस मामले को गर्मी की छुट्टियों के दौरान या जुलाई में विचार के लिए तय करना चाहती थी, लेकिन सिब्बल के अनुरोध पर 17 मई की तारीख तय की थी। उन्होंने तब तारीखों की सूची का भी हवाला दिया था, क्योंकि शीर्ष अदालत ने श्री सोरेन को अपनी गिरफ्तारी और मामले में हुई देरी के खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के लिए कहा था, जिससे चल रहे आम चुनावों के दौरान श्री सोरेन के अधिकार कथित तौर पर प्रभावित हुए थे।
सिब्बल ने अपनी दलील के समर्थन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार को दी गई अंतरिम जमानत और याचिका की अग्रिम प्रति प्रवर्तन निदेशालय के अधिवक्ता को छह मई को देने का हवाला दिया था।
पीठ के 20 मई को सुनवाई करने के संकेत पर श्री सिब्बल ने कहा कि यह ‘बहुत बड़ा अन्याय’ होगा अगर 17 मई को मामले की सुनवाई नहीं हो सकी तो बेहतर होगा कि अदालत इसे खारिज कर दे, क्योंकि तब तक राज्य में लोकसभा चुनाव खत्म हो जाएंगे।
उन्होंने कहा था कि सोरेन का मामला अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत के आदेश के दायरे में आता है, जिसमें उन्हें चुनाव के दौरान प्रचार के लिए अंतरिम जमानत पर रिहा किया गया था।
झारखंड उच्च न्यायालय ने श्री सोरेन की अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका तीन मई को खारिज कर दी थी। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने 31 जनवरी 2024 को श्री सोरेन को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के मद्देनजर उसी दिन उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दिया था।
उन्होंने तब राहत की गुहार लगाते हुए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली थी। उनकी याचिका दो फरवरी को खारिज कर दी गई थी।
न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश और न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी की विशेष पीठ ने तब (दो फरवरी को) याचिका खारिज करते हुए श्री सोरेन को अपनी जमानत के लिए झारखंड उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने को कहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *