लखनऊ : उत्तर प्रदेश की दस विधानसभा सीटों के लिये प्रस्तावित उपचुनाव के लिये समाजवादी पार्टी (सपा) ने छह सीटों के लिये अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है।
पार्टी ने प्रयागराज की फूलपुर सीट से मुस्तफा सिद्दकी को मैदान में उतारा है। इस सीट पर प्रत्याशी के ऐलान को कांग्रेस के लिये एक बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि फूलपुर को कांग्रेस की परंपरागत सीट माना जाता रहा है। इसके अलावा मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से यादव परिवार के तेज प्रताप यादव को टिकट दिया गया है।
आगजनी मामले में जेल में बंद पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को कानपुर की सीसामऊ सीट पर टिकट दिया गया है। यह सीट इरफान सोलंकी को मिली सजा के कारण रिक्त हुयी है।
इसके अलावा मिल्कीपुर से अजीत प्रसाद,कटेहरी से शोभावती वर्मा और मझवां से डा ज्योति बिंद को टिकट दिया गया है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम आने के अगले ही दिन सपा के यूपी विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशियों के ऐलान ने कांग्रेस के खेमे में बेचैनी बढा दी है। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा ने मिलकर लड़ा था और इसका फायदा दोनो ही दलों को मिला था जिसके बाद उपचुनाव में भी दोनो दलों के बीच गठबंधन के कयास लगाये जाने लगे थे।
उपचुनाव के लिये सपा ने छह प्रत्याशियों के नामों का किया ऐलान
