गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अहमदाबाद के जगन्नाथ मंदिर में दस मई को रथों की विशेष पूजा

अहमदाबाद : गुजरात में अहमदाबाद शहर के एतिहासिक भगवान जगन्नाथ मंदिर में 10 मई को रथ-पूजन, चंदन यात्रा और अक्षय तृतीया उत्सव में रथों की विशेष पूजा की जाएगी।
मंदिर के न्यासी महेन्द्रभाई झा ने गुरुवार को बताया कि भगवान जगन्नाथ की 147वीं रथयात्रा से पहले पारंपरिक तौर पर आयोजित रथ पूजन,चंदनयात्रा और अक्षय तृतीया उत्सव शुक्रवार दस मई को महा मंडलेश्वर महंत दिलीपदास तथा अन्य संतों और भक्तों की उपस्थिति में सुबह नौ से 11 बजे तक होगा। अक्षय तृतीया के दिन भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के तीनों रथों की यह विशेष पूजा विधि-विधान से की जाती है। हर साल अहमदाबाद के जमालपुर स्थित मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथजी की रथयात्रा से पहले अखात्रीज यानी अक्षय त्रितीया के दिन यह उत्सव आयोजित कर रथ यात्रा की पहली पूजा होती है। राज्य के गांधीनगर के अडालज स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में भी शुक्रवार को रथ गठन की विशेष पूजा की जाएगी।
श्री झा ने यूनीवार्ता को बताया कि रथयात्रा की तैयारी परंपरागत रूप से अक्षय तृतीया से शुरू हो जाती है। अक्षय तृतीया के दिन की जाने वाली इस पूजा को चंदनयात्रा कहा जाता है। जिसमें मंदिर के तीनों रथों की औपचारिक रूप से पूजा की जाती है। इस पूजा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। अक्षय तृतीया में आयोजित पूजा के बाद मंदिर में रथयात्रा की तैयारी शुरू हो जाती है। शुक्रवार से भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के तीनों रथों का निर्माण काम शुरू हो जाएगा। हर आषाढ़ महीने की द्वितिया तिथि आषाढ़ी बीज के दिन भगवान जगन्नाथ भक्तों को दर्शन देने के लिए एक नए रथ में निकलते हैं। 147वीं रथयात्रा इस वर्ष आषाढ़ महीने की द्वितिया तिथि सात जुलाई को है। रथयात्रा से पहले जलयात्रा का आयोजन 22 जून को मंदिर में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *