गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका की जीत

पुणे : अक्षर पटेल (65) और सूर्यकुमार यादव (51) के विस्फोटक अर्द्धशतकों के बावजूद श्रीलंका ने भारत को दूसरे टी20 में गुरुवार को 16 रन से मात देकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। श्रीलंका ने इस रोमांचक मुकाबले में भारत के सामने 207 रन का विशाल लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में भारत 190 रन तक ही पहुंच सका।
श्रीलंका को इस विशालकाय स्कोर तक पहुंचाने के लिये कप्तान दसुन शनाका ने 22 गेंदों पर दो चौकों और छह छक्कों के साथ 56 रन बनाये, जबकि सलामी बल्लेबाज कुशल मेंडिस ने 31 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों के साथ 52 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली। चरिता असलंका ने 19 गेंदों पर चार छक्कों के साथ 37 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के पांच बल्लेबाज सिर्फ 64 रन पर ही पवेलियन लौट गये, जिसके बाद अक्षर और सूर्यकुमार ने मुकाबले में मेजबान टीम की वापसी करवाई। दोनों ने छठे विकेट के लिये 40 गेंद पर 91 रन की साझेदारी करके भारत को मैच में बरकरार रखा। सूर्यकुमार के आउट होने के बाद शिवम मावी (15 गेंद पर 26 रन) ने भी कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन भारत को विजय रेखा के पार नहीं ले जा सके।
श्रीलंका ने इस जीत के साथ तीन मैचों की शृंखला में 1-1 की बराबरी कर ली है और सीरीज का निर्णायक मुकाबला शनिवार को राजकोट में खेला जायेगा। भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए खराब शुरुआत की और आक्रामक शॉट खेलने के प्रयास में लगातार विकेट गंवाये। ईशान किशन, शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, जबकि हार्दिक पांड्या ने 12 रन बनाये। भारत के चार विकेट सिर्फ 34 रन पर गिरने के बाद दीपक हुड्डा ने सूर्यकुमार के साथ साझेदारी बनाना शुरू की, लेकिन वानिंदू हसरंगा ने 10वें ओवर में हुड्डा को आउट करके मेज़बान टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं।
भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 64 रन बनाये थे। आखिरी 10 ओवर में 143 रन हासिल करना असंभव प्रतीत हो रहा था, तभी अक्षर और सूर्यकुमार की साझेदारी ने भारत की उम्मीदें जगाने का काम किया।
अक्षर-सूर्यकुमार ने छठे विकेट के लिये सिर्फ 40 गेंदों में 91 रन जोड़े। अक्षर ने 14वें ओवर में हसरंगा को तीन छक्के लगाकर कुल 26 रन जोड़े। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में हसरंगा का सबसे महंगा ओवर था।
यह साझेदारी मुकाबले को भारत के पक्ष में डाल रही थी लेकिन दिलशान मदुशंका ने सूर्यकुमार को आउट करके मैच का रुख पलट दिया। सूर्यकुमार ने 36 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों के साथ 51 रन बनाये। भारत ने अपने उपकप्तान का विकेट गंवाने के बाद भी हथियार नहीं डाले। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शिवम मावी ने 15 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों के साथ 26 रन बनाये। भारत को आखिरी ओवर में 21 रन की दरकार थी लेकिन ओवर की तीसरी गेंद पर अक्षर पटेल का विकेट गिरते ही टीम की सभी उम्मीदें समाप्त हो गयीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *