गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

श्रीलंका की नौसना ने गिरफ्तार किये 32 भारतीय मछुआरे

रामेश्वरम : श्रीलंकाई नौसेना ने अपनी समुद्री सीमा में घुसपैठ और गैरकानूनी तरीके से मछली पकड़ने की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में दो अलग घटनाओं में गुरुवार को 32 और भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और मछली पकड़ने वाली पांच मशीनीकृत नौकाएं जब्त कर ली। तमिलनाडु मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने प्रारंभिक रिपोर्टों के हवाले से बताया कि गिरफ्तार मछुआरे रामनाथपुरम जिले के रामेश्वरम के रहने वाले हैं।
रामेश्वरम से बुधवार सुबह 2000 से अधिक मछुआरे नियमित रूप से मछली पकड़ने के लिए निकले थे। उनमें से तीन नौकाओं पर सवार 25 मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे कथित तौर पर डेल्फ़्ट द्वीप के पास मछली पकड़ रहे थे। उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मन्नार ले जाया गया है।
एक अन्य घटना में, पाक जलडमरूमध्य में मछली पकड़ने के आरोप में सात मछुआरों को गिरफ्तार किया गया। कथित तौर पर दो नौकाओं पर सवार मछुआरों को कानूनी कार्रवाई के लिए कांकेसंतुरई बंदरगाह ले जाया गया। आशंका है कि श्रीलंकाई नौसेना ने इस वर्ष अब तक 178 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और कुल 23 भारतीय नौकाएं जब्त की हैं।
इस बीच, रामेश्वरम में विभिन्न मछुआरा संघों के नेताओं ने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा निर्दोष मछुआरों की लगातार गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से इस गंभीर मुद्दे में हस्तक्षेप करने और मछली पकड़ने के मुद्दे का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो मछुआरे आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *