गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

श्रीकांत जेना कांग्रेस में लौटे

नई दिल्ली : श्रीकांत जेना घर वापसी करते हुए फिर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस के ओडिशा के प्रभारी महासचिव डॉ. अजय कुमार ने यहां पार्टी मुख्यालय में बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में श्री जेना को अंगवस्त्र पहनाकर कांग्रेस में शामिल कराया।
डॉ. कुमार ने कहा कि श्री जेना ओडिशा के कद्दावर नेता हैं और उनकी गैरमौजूदगी कांग्रेस के लिए न सिर्फ उनके क्षेत्र बालेश्वर में, बल्कि पूरे ओडिशा में परेशानी पैदा कर रही थी लेकिन खुशी की बात यह है कि श्री जेना फिर से कांग्रेस में शामिल हो गये हैं और उन्हें पार्टी से जो गिले शिकवे थे, उन सबको दूर कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि ओडिशा में लोग कांग्रेस को चाहते हैं। वहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच सीटों का जो एडजस्टमेंट होने की बात है, उसको देखते हुए कई नेता कांग्रेस के संपर्क में है। अभी और प्रभावशाली लोग ओडिशा से कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि ओडिशा देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां जातिवाद और कम्युनिज्म नहीं है।
श्री जेना ने कहा, “कांग्रेस में फिर शामिल होकर प्रसन्नता हो रही है। छात्र जीवन से ही कांग्रेसी रहा हूँ और हमेशा कांग्रेस के लिए काम किया है। कांग्रेस के साथ जो कुछ गलतफहमी थी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और महासचिव संगठन के. वेणुगोपाल से मिलकर उन्हें दूर कर लिया गया है। मैं भले ही बाहर रहा हूँ लेकिन मेरा मन कांग्रेस के साथ ही रहा है।”
उन्होंने कहा कि ओडिशा में कांग्रेस के सामने चुनौतियाँ हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बीच कल गठजोड़ हो गया है। दोनों दलों के बीच पहले भी ऐसा ही गठजोड़ था, लेकिन यह गठजोड़ अपवित्र है। इस बार भी गठजोड़ हुआ है लेकिन ओडिशा के लोग इससे खुश नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के पास चुनौतियां हैं लेकिन इन चुनौतियों से निपट लिया जाएगा और कांग्रेस न सिर्फ ओडिशा से लोकसभा की ज्यादा सीटें जीतेगी बल्कि ओडिशा में सरकार भी बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *