गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

स्टेट बैंक का मुनाफा 24 प्रतिशत बढ़कर 20698 करोड़ पर

नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र के देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में 20698 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 16695 करोड़ रुपये की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक है।
बैंक ने आज यहां जारी वित्तीय लेखाजोखा में कहा कि मार्च 2024 में समाप्त इस तिमाही में उसकी शुद्ध ब्याज आय 41655 करोड़ रुपये रही है जो मार्च 2023 में समाप्त तिमाही की 40393 करोड़ रुपये की शुद्ध ब्याज आय की तुलना में 3.13 प्रतिशत अधिक है।
बैंक ने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में उसने 61077 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है जो इससे पिछले वित्त वर्ष के 50232 करोड़ रुपये के लाभ की तुलना में 21.60 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह से मार्च 2024 में समाप्त वित्त वर्ष में बैंक की शुद्ध ब्याज आय 159876 करोड़ रुपये रही है जो इससे पिछले वित्त वर्ष की 144841 करोड़ रुपये की शुद्ध ब्याज आय की तुलना में 10.38 प्रतिशत अधिक है।
बैंक ने कहा कि गैर निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) में सुधार हुआ है और मार्च 2023 में सकल एनपीए 2.78 प्रतिशत पर था जो मार्च 2024 में 54 आधार अंक सुधरकर 2.24 प्रतिशत पर आ गया। इसी तरह से शुद्ध एनपीए भी 0.67 प्रतिशत की तुलना में 10 आधार अंक कम होकर 0.57 प्रतिशत पर आ गया है। बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि निदेशक मंडल ने एक रुपये के शेयर पर 13.70 रुपये अर्थात 1370 प्रतिशत लाभांश देने का प्रस्ताव किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *