जींद : हरियाणा में जुलाना से जींद आते हुए जींद डिपो की रोडवेज बस बुराडेहर गांव के पास सड़क से नीचे खेतों में उतर गई लेकिन गनीमत यह रही कि किसी यात्री को चोट नहीं लगी। बस में काफी संख्या में छात्र भी मौजूद थे। जुलाना से चलकर जैसे ही बस बुराडेहर गांव के पास पहुंची तो बस का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया और 50 से ज्यादा यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। बाद में यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर जींद लाया गया, वहीं बस को मरम्मत के लिए क्रेन की सहायता से जुलाना वर्कशाप में भिजवाया गया। जींद डिपो की बस जुलाना में रात में रुकती है।
मंगलवार सुबह बस जुलाना से चलकर वाया बुराडेहर और बुआना होते हुए यात्रियों को लेकर जींद आती है। सुबह बस जुलाना से चलकर बुराडेहर गांव के पास पहुंची तो बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। स्टेयरिंग फेल होने से यात्रियों में हडक़ंप मंच गया। स्टेयरिंग फेल होने पर चालक बलजीत ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को खेतों में उतार दिया।
बस खेतों में उतर जाने से बस का बाया हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद चालक बलजीत और परिचालक जितेंद्र ने यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर जींद के लिए रवाना किया। वहीं जुलाना वर्कशाप में फोन कर क्रेन मंगवाई गई जो खराब बस को लेकर जुलाना पहुंची। रोडवेज जीएम अशोक कौशिक ने बताया बुराडेहर गांव के पास रोडवेज बस का स्टेयरिंग फेल होने की सूचना मिली थी। किसी यात्री को चोट नहीं लगी है। बस का स्टेयरिंग फेल होने के कारणों का पता लगाया जाएगा। बस मरम्मत के लिए जुलाना वर्कशाप में भेजी गयी है।
रोडवेज बस का स्टेयरिंग फेल, बाल-बाल बचे यात्री
