गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शेयर बाजार में तेजी बरकरार

मुंबई : वैश्विक बाजार की तेजी की बदौलत स्थानीय स्तर पर ऊर्जा, बैंकिंग, ऑटो, धातु और तेल एवं गैस समेत बारह समूहों में हुई लिवाली से आज शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन भी तेजी बरकरार रही। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 91.62 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 61510.58 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 23.05 अंक अर्थात 0.13 प्रतिशत की बढ़त लेकर 18267.25 अंक पर रहा। बीएसई का मिडकैप 0.20 प्रतिशत बढ़कर 25,267.76 अंक और स्मॉलकैप 0.54 प्रतिशत चढ़कर 28,878.26 अंक पर पहुंच गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 3627 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1850 में लिवाली जबकि 1647 में बिकवाली हुई वहीं 130 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 25 कंपनियों में तेजी जबकि शेष 25 में गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई में 12 समूहों में तेजी रही। इस दौरान ऊर्जा 0.53, वित्तीय सेवाएं 0.53, हेल्थकेयर 0.42, इंडस्ट्रियल्स 0.22, यूटिलिटीज 0.32, ऑटो 0.32, बैंकिंग 0.67, धातु 0.65, तेल एवं गैस 0.68, पावर 0.21 और रियल्टी समूह के शेयर 0.23 प्रतिशत मजबूत रहे। वहीं, कमोडिटीज 0.01, एफएमसीजी 0.07, आईटी 0.08, दूरसंचार 0.01, कैपिटल गुड्स 0.28, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.19 और टेक समूह में 0.19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
अंतर्राष्ट्रीय बाजारों का रुख सकारात्मक रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.59, जर्मनी का डैक्स 0.08, जापान का निक्केई 0.61, हांगकांग का हैंगसेंग 0.57 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.26 प्रतिशत चढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *