गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शेयर बाजार में तेजी जारी

मुंबई : वैश्विक स्तर से मिले सकारात्मक संकेतों के साथ ही घरेलू स्तर पर रिजर्व बैंक द्वारा नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं करने से रियल्टी, ऑटो, यूटिलिटी, इंडस्ट्रीयल, हेल्थकेयर, एनर्जी और पावर जैसे क्षेत्रों में हुयी लिवाली के बल पर आज शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन तेजी बनी रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 143.66 अंकों की तेजी के साथ 59882.97 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 42.10 अंकों की बढ़त के साथ 17599.15 अंक पर रहा। दिग्गज कंपनियों की तरह की छोटी और मझौली कंपनियों में भी लिवाली का जोर रहा जिससे बीएसई का मिडकैप 0.71 प्रतिशत उठकर 24351.06 अंक पर और स्मॉलकैप 0.70 प्रतिशत चढ़कर 27725.34 अंक पर रहा।
सुबह में शेयर बाजार की शुरूआत धीमी रही लेकिन रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक में रेपो दर को यथावत 6.50 प्रतिशत पर बनाये रखने के निर्णय आने के बाद तेजी आयी जो अंतिम समय तक बनी रही। बीएसई में बढ़त में रहने वाले समूहों में रियलटी 2.90 प्रतिशत, ऑटो 0.94 प्रतिशत, यूटिलिटी 0.80 प्रतिशत, इंडस्ट्रीयल 0.89 प्रतिशत, हेल्थकेयर 0.76 प्रतिशत, एनर्जी 0.54 प्रतिशत, पावर 0.73 प्रतिशत, तेल एवं गैस 0.77 प्रतिशत और वित्तीय सेवायें 0.58 प्रतिशत शामिल है। गिरावट में रहने वालों में टेक 0.39 प्रतिशत, आईटी 0.50 प्रतिशत, धातु 0.49 प्रतिशत, एफएमसीजी 0.40 प्रतिशत शामिल है।
बीएसई में कुल 3636 कंपनियों में कारोबार हुआ जिसमें से 2365 बढ़त में और 1167 गिरावट में रहे जबकि 104 में कोई बदलाव नहीं हुआ। वैश्विक स्तर पर जापान के निक्केई में 1.22 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर शेष सभी प्रमुख सूचकांक हरे निशान में रहे जिसमें ब्रिटेन की एफटीएसई 0.75 प्रतिशत, जर्मनी का डैक्स 0.36 प्रतिशत, हांगकांग का 0.28 प्रतिशत की बढ़त में रहा जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट में कोई बदलाव नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *