गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शिखर से गिरा शेयर बाजार

मुंबई : अमेरिका में रोजगार के मजबूत आंकड़े आने से फेड रिजर्व के ब्याज दर में बढ़ोतरी की संभावना बढ़ने से वैश्विक बाजार में आई गिरावट के बीच स्थानीय स्तर पर एफएमसीजी, यूटिलिटीज, पावर और रियल्टी समेत सत्रह समूहों में हुई बिकवाली के दबाव में आज शेयर बाजार शिखर से गिर गया।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 505.19 अंक अर्थात 0.77 प्रतिशत लुढ़ककर 65,280.45 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 165.50 अंक यानी 0.85 प्रतिशत की गिरावट लेकर 19,331.80 अंक पर आ गया। इसी तरह बीएसई की मझौली और छोटी कंपनियों में भी बिकवाली हुई, जिससे मिडकैप 0.76 प्रतिशत की गिरावट लेकर 28,999.02 अंक और स्मॉलकैप 0.28 प्रतिशत फिसलकर 33,129.41 अंक पर रहा।
इस दौरान बीएसई के 17 समूहों में गिरावट रही। कमोडिटीज 1.11, एफएमसीजी 1.45, वित्तीय सेवाएं 0.85, इंडस्ट्रियल्स 0.82, यूटिलिटीज 1.63, बैंकिंग 0.81, पावर 1.61 और रियल्टी समूह के शेयर 1.16 प्रतिशत गिर गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गिरावट का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.45, जर्मनी का डैक्स 0.07, जापान का निक्केई 1.17, हांगकांग का हैंगसेंग 0.90 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.28 प्रतिशत लुढ़क गया।
शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 226 अंक लुढ़ककर 65,559.41 अंक पर खुला लेकिन लिवाली होने से यह थोड़ी देर बाद 65,898.98 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बिकवाली होने से कारोबार के अंतिम चरण में यह 65,175.74 अंक के निचले स्तर तक गिर गया। अंत में पिछले दिवस के 65,785.64 अंक के मुकाबले 0.77 प्रतिशत टूटकर 65,559.41 अंक पर रहा।
इसी तरह निफ्टी भी 75 अंक उतरकर 19,422.80 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 19,523.60 अंक के उच्चतम जबकि 19,303.60 अंक के निचले स्तर पर भी रहा। अंत में पिछले सत्र के 19,497.30 अंक की तुलना में 0.85 प्रतिशत की गिरावट लेकर 19,331.80 अंक पर आ गया।
इस दौरान बीएसई की कुल 3580 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1968 में बिकवाली जबकि 1495 में लिवाली हुई वहीं 117 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 44 कंपनियां लाल जबकि पांच हरे निशान पर रही वहीं एक के भाव स्थिर रहे।
सेंसेक्स की नुकसान उठाने वाली प्रमुख कंपनियों में पावर ग्रिड 2.76, इंडसएंड बैंक 2.34, हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.23, एनटीपीसी 2.04, एलटी 1.58, आईसीआईसीआई बैंक 1.28, आईटीसी 1.14, एचडीएफसी 0.97, इंफोसिस 0.95, टाटा स्टील 0.93, एचडीएफसी बैंक 0.84, एक्सिस बैंक 0.30, मारुति 0.23 और रिलायंस 0.11 प्रतिशत शामिल रही। वहीं, टाटा मोटर्स 2.94, टाइटन 1.26, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.98, एसबीआई 0.24 और टीसीएस ने 0.09 प्रतिशत का मुनाफा कमाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *