इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में बुधवार कोतीसरे पहर भीषण आंधी तूफान के बीच मौसम में एकाएक खास बदलाव देखने को मिला है और बारिश होने से तापमान में खासी गिरावट देखने को मिली। आंधी तूफान के दौरान जिले के भरथना में एक नीम का पेड़ टूटने से पेड़ के नीचे खड़ी एक कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बरसात से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें बढ़ गई है क्योंकि खेतों में गेहूं की फसल पकी खड़ी है और कटान जारी है, 80 फ़ीसदी गेहूं की कटाई चल रही है, इतने बड़े बदलाव से तापमान में गिरावट और गर्मी से निजात तो मिली लेकिन किसानों का बड़ा नुकसान हो सकता है।
आसमान में काले घने बादलों के बाद बरसात शुरू हुई है जिसके बाद तापमान में गिरावट आई हुई है। भारी बरसात ने जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार आंधी बरसात से अधिकतम तापमान में चार से दस डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गयी। जिले का तापमान करीब 37 डिग्री के आसपास पिछले एक सप्ताह से लगातार चल रहा था लेकिन आज हुई बरसात ने तापमान को 27 डिग्री के आसपास पहुंचा दिया।
इटावा के उप कृषि निदेशक आर.एन.सिंह ने बताया कि आज दोपहर बाद हुई बरसात के चलते गेंहू किसानो की फसलों को नुकसान का अंदेशा लगाया जा रहा है लेकिन उनके पास अभी नुकसान का कोई आंकड़ा नहीं पहुंचा है।
इटावा में आंधी पानी ने दिलायी गर्मी से राहत
