रोम : इटली में 24 घंटे की देशव्यापी हड़ताल से परिवहन, स्वास्थ्य सेवा और स्कूलें बंद होने से आम जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है। एएनएसए समाचार एजेंसी ने शनिवार को ट्रेड यूनियनों के सूत्रों के हवाले से बताया कि वे लैंगिक असंतुलन को दूर करने के लिए मजबूत उपायों के साथ-साथ बेहतर, सुरक्षित कामकाजी परिस्थितियों की मांग कर रहे हैं।
सार्वजनिक और निजी दोनों कंपनियों के कर्मचारियों के हड़ताल करने से ट्रेनों, फ़ेरी और स्थानीय सार्वजनिक परिवहन को बड़े व्यवधानों का सामना करना पड़ा। हालांकि, विभिन्न क्षेत्रों में भागीदारी का स्तर अलग-अलग था। राष्ट्रीय रेलवे कंपनी, फेरोवी डेलो स्टेटो (एफएस), और स्थानीय परिवहन ऑपरेटरों ने पीक आवर्स में यात्रियों के लिए आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए काम किया।
हड़ताल में ऊर्जा कंपनी एनेल के लगभग 90 प्रतिशत कर्मचारी शामिल हुए। देश भर के पब्लिक स्कूल, विश्वविद्यालय और अस्पताल भी हड़ताल से प्रभावित हुए। इस महीने के अंत में परिवहन में और हड़तालों की घोषणा की गई है। इसके अलावा, 22 मार्च को मिलान में होने वाली हड़ताल में स्थानीय मेट्रो, बसें और ट्राम शामिल होंगी, जबकि एफएस कार्यकर्ता 23-24 मार्च को हड़ताल करेंगे।
इटली में हड़ताल से जनजीवन बाधित
