जींद : हरियाणा में नौ दिन से चल रही सफाईकर्मियों की हड़ताल के दौरान आज जींद में सफाईकर्मियों ने प्रशासन के पुलिस के सहयोग से कूड़ा उठाने के प्रयास के विरोध में कूड़े से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों को पंक्चर कर दिया, जिससे पुलिस और सफाईकर्मियों में तीखी नोंकझोंक हुई औैर नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी ने छह सफाईकर्मियों के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई की सिफारिश की।
हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों के कारण जिला प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से सफाई अभियान शुरू किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर शुगर मिल एम डी प्रवीण तेहलान को नियुक्त किया गया। डीएमसी सुरेंद्र बेनीवाल, नगर परिषद ईओ सुशील भुक्कत, सफाई निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में अमले ने डीएसपी रोहताश ढुल को लेकर उपायुक्त आवास के निकट से सफाई अभियान शुरू किया।
डीसी आवास के निकट जेसीबी और ठेकेदार की ट्रैक्टर ट्रालियों में पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में कूड़े को भरा जाने लगा। भनक लगने पर सफाई कर्मचारी लघु सचिवालय की तरफ कूच करने लगे। सिविल अस्पताल गेट के सामने सफाईकर्मियों ने कूड़े से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों को घेर लिया और उनमें पंक्चर कर दिए और कूड़ा गोहाना रोड पर फेंक दिया। सफाईकर्मियों के तेवरों को देख चालक ट्रैक्टर ट्रालियों को छोड़ भाग खड़े हुए।
एक ट्रैक्टर चालक कूड़े से भरी ट्रैक्टर ट्राली के साथ सिविल अस्पताल में जा घुसा। पीछा करते हुए सफाईकर्मी वहीं पहुंच गए और कूड़े को वहीं गिरवा दिया। चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और सफाई कर्मियों में तीखी नोंक-झोंक हुई। डीएसपी ने सफाईकर्मियों को गिरफ्तार करने की चेतावनी दे डाली लेकिन सफाई कर्मचारी किसी भी सूरत में कूडा न उठाने देने को लेकर अड़े रहे।
काफी देर तक गोहाना रोड भी बाधित रहा। समूचे प्रकरण को लेकर नगर परिषद के ईओ सुशील भुक्कल ने बताया कि उन्होंने सिविल लाइन थाना पुलिस से छह सफाई कर्मचारियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की सिफारिश की है।
