श्रीनगर : भारत में दक्षिण कोरिया के राजदूत चांग जे-बोक ने मंगलवार को कहा कि उनका देश भारत की जी-20 अध्यक्षता का पुरजोर समर्थन करता है। कोरिया के राजदूत ने सोमवार को श्रीनगर में फिल्म स्टार राम चरण के साथ एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर के लोकप्रिय गीत ‘नाटू नाटू’ पर नृत्य करके जी-20 प्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया। चांग ने श्रीनगर में जी-20 बैठक के इतर पत्रकारों से कहा कि स्टार रामचरण के साथ नृत्य करना आप जानते है एक सपने के सच होने जैसा है , मैंने ऐसी कल्पना नहीं की थी। श्रीनगर में सोमवार को उच्च स्तरीय तीसरी जी-20 पर्यटन कार्यकारी समूह की बैठक कड़ी सुरक्षा के बीच शुरु हुई। यह तीन दिवसीय बैठक भारत की अध्यक्षता में हो रही है।वर्ष 2019 में जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किए जाने और इसे दो केन्द्र शासित प्रदेशों में बांटने के बाद यहां पहली बार बड़ा आयोजन किया जा रहा है। इस बैठक में जी-20 देशों के लगभग 60 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
चांग ने कहा कि कोरिया भारत की जी-20 की अध्यक्षता का मजूबत समर्थक है।उन्होंने कहा “यहाँ, श्रीनगर की बैठक जी-20 पर्यटन के लिए तीसरा कार्य समूह है। फिर गोवा में इसका अंतिम चरण है। उम्मीद है कि सदस्य देश और आमंत्रित देश दस्तावेज़ के लिए आम सहमति बना लेंगे। जहां तक कोरियाई प्रतिनिधिमंडल का संबंध है, हम भारत की जी-20 अध्यक्षता की बड़ी सफलता के लिए पुरजोर समर्थन करते हैं।” जी20 बैठक में चीन के बहिष्कार पर, कोरिया के राजदूत ने कहा कि किसी भी मुद्दे पर प्रत्येक देश की अपनी स्थिति होती है और वे उस पर कोई विशिष्ट टिप्पणी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि इस साल कोरिया और भारत राजनयिक संबंधों के 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं और इस जश्न के जरिए पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है।
भारत के जी-20 की अध्यक्षता का मजबूती से समर्थन
