गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

स्कूल की इमारत से गिरकर छात्र की मौत

कोलकाता : कोलकाता के सिटी हाई स्कूल में 10वीं कक्षा के एक छात्र की स्कूल की इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी । उन्होंने बताया कि महानगर के जादवपुर विश्वविद्यालय में भी स्नातक प्रथम वर्ष के एक 18 वर्षीय छात्र की इसी तरह मौत हो गई थी और 25 दिन बाद सोमवार को इसी तरह की घटना घटी। पुलिस ने स्कूल परिसर को घेर लिया और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने उस जगह से जांच के लिए नमूने लिए जहाँ पर किशोर की मौत हुयी थी।
शोक संतप्त छात्र के पिता ने कक्षा शिक्षकों पर उनके बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया, जिन्होंने उसे एक प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए दिया था। उन्होंने स्थानीय पुलिस को बताया कि लड़के को शिक्षकों द्वारा मानसिक यातना दी जा रही थी, क्योंकि उसने महामारी के दौरान फीस कम करने की मांग को लेकर आंदोलन का नेतृत्व किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि तब से स्कूल अधिकारी उनके मासूम बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा ,“ मेरे बेटे और उसके एक सहपाठी को उनके शिक्षक स्कूल की इमारत की पांचवीं मंजिल पर ले गए। सहपाठी थोड़ी देर बाद लौट आया, लेकिन मेरा बेटा नहीं लौटा। ऊंचाई से गिरने से उसकी मौत हो गई, लेकिन उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं दिखा क्योंकि उसे पहले मारा गया और फिर चौथी मंजिल से फेंक दिया गया।”
मृत छात्र के पिता ने कहा , “ मेरे बेटे को एक प्रोजेक्ट जमा करना था, लेकिन वह ऐसा करने में असफल रहा। उसके शिक्षकों ने इस बात पर उसे डांटा और पीटा जिससे वह अपमानित महसूस कर रहा था।” सूत्रों के मुताबिक मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जहां शव परीक्षण के दौरान जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है क्योंकि यह स्पष्ट नहीं है कि छात्र ने आत्महत्या की या बालकनी से गिर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *