मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आज दो छात्रों ने एक कोचिंग संचालक को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए संचालक को मुरैना जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने इलाज के लिये ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के लिये रेफर कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोचिंग संचालक मुरैना गांव में कोचिंग चलाता था। दोपहर मोटर साइकिल पर सवार दो छात्र उसके कोचिंग सेंटर पर आए और उसे बाहर बुलाकर कुछ बातचीत की और उसके बाद उसे गोली मारकर फरार हो गए।गंभीर रूप से घायल कोचिंग संचालक को वहां मौजूद लोग जिला असपताल ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे इलाज के लिये ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के लिये रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों द्वारा गोली मारने के कारणों की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार उक्त छात्र पूर्व में घायल संचालक के कोचिंग सेंटर पर पढ़ते थे।
