50 साल में मिलेंगे 9981 करोड़ रुपए
जयपुर। राजस्थान में कोटा रामगंज मंडी के निनामा दूनिया लाईमस्टोन ब्लॉक की सफल नीलामी से आगामी 50 साल में प्रदेश को 9981 करोड़ का राजस्व प्राप्त होगा, वहीं इस ब्लॉक से इसी वित्तीय वर्ष में नौ करोड़ 57 लाख रुपए राजस्व के रुप में मिलेंगे। खान विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि जैसलमेर के रामगढ़ और नागौर के एक एक लाईमस्टोन ब्लॉक की सफल नीलामी के बाद कोटा रामगंज मंडी के नीनामा दूनिया ब्लॉक की प्रीमियम दरों पर नीलामी से विभाग उत्साहित है। उन्होंने बताया कि राज्य में इस वर्ष लाईमस्टोन के ही बांसवाड़ा में चार और नए ब्लॉकों की नीलामी की तैयारी की जा रही है। इस साल अब तक मेजर मिनरल के आठ ब्लॉक नीलाम किए जा चुके हैं जो अब तक का एक रेकार्ड है। इससे पहले गत वित्तीय वर्ष में मेजर मिनरल के सर्वाधिक 7 ब्लॉक नीलाम किए गए थे। उन्होंने बताया कि राजस्थान में जहां विभाग अपने स्तर पर ब्लॉक तैयार कर भारत सरकार के ई प्लेटफार्म एमएसटीसी पर नीलामी की कार्यवाही करता है वहीं मध्यप्रदेश सहित अन्य प्रदेशों में ब्लॉकों की नीलामी आउट सोर्सिंग के माध्यम से होती है। विभाग द्वारा स्वयं के प्रयासों से प्रीमियम दरों पर ब्लॉकों की नीलामी अपने आपमें महत्वपूर्ण हो जाती है।
लाईमस्टोन ब्लॉक की सफल नीलामी
