देवभूमि द्वारका : भूपेंद्र पटेल ने रविवार को कहा कि कृष्ण की भूमि द्वारका को मिले सुदर्शन सेतु की भेंट हमारी हजारों वर्ष पुरानी विरासत को आधुनिक विकास के साथ जोड़ने वाली भेंट बनेगी। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास के नित नए कीर्तिमान के साथ भारतीय प्राचीन विरासतों का संरक्षण और संवर्धन कर ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के साथ बहुमुखी विकास की अनोखी पैटर्न विकसित हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में श्रद्धा और आस्था केंद्र यात्राधामों और सांस्कृतिक धरोहरों के समग्र विकास का एक नया युग शुरू हुआ है। उन्होंने अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा कर हमारी सदियों की प्रतीक्षा को पूरा किया है। इतना ही नहीं आधुनिक सुविधाओं के कारण महाकाल लोक, केदारनाथ और काशी विश्वनाथ जैसे पवित्र तीर्थ स्थानों की यात्रा अब और भी सुगम बन गई है।
प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान श्री सोमनाथ के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सोमनाथ तीर्थ क्षेत्र को दुनिया में प्रसिद्धि दिलाने के बाद अब द्वारकाधीश के दर्शनों को आने वाले भक्तजनों को बेट द्वारका की सुगम यात्रा के लिए सुदर्शन सेतु की बड़ी सौगात दी है।
पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि सुदर्शन सेतु से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे और पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमृत काल को विकास का कर्तव्य काल बनाने के लिए जनशक्ति को विकास के साथ जोड़कर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया है। उन्होंने यह दृढ़ विश्वास व्यक्त किया कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में हम भी विकसित गुजरात के माध्यम से उत्तम योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री ने हर्ष के साथ कहा कि प्रधानमंत्री के गुजरात दौरे के इस चरण में सौराष्ट्र को कुल 52 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों की भेंट मिली है। आज के इस विकास उत्सव ने नया मील का पत्थर स्थापित किया है। गुजरात में कनेक्टिविटी के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को तेजी देने के लिए गुजरात में छोटे से छोटे गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने के साथ ही स्पीड और स्केल से अधोसंरचना सुविधाओं का विकास हो रहा है। श्री मोदी ने जन-जन तक बिजली, पानी और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाकर जनजीवन को आसान बनाया है।
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री मूलुभाई बेरा, गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, सांसद सी.आर. पाटिल, पूनमबेन माडम, रमेशभाई धड़ुक, राज्यसभा सांसद बाबूभाई देसाई, विधायक पबुभा माणेक और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रिद्धिबा जाडेजा सहित कई अग्रणी, पदाधिकारी, अधिकारी और विशाल संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सुदर्शन सेतु आधुनिक विकास के साथ जोड़ने वाली भेंट
