अमृतसर। शिवसेना नेता सुधीर सूरी की हत्या के मामले में गिरफ्तार संदीप सिंह को शनिवार को अमृतसर की एक अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पंजाब पुलिस ने अमृतसर के कोट बाबा दीप सिंह निवासी संदीप सिंह सनी के दुकानदार को सुधीर सूरी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोपी की अमृतसर के गोपाल मंदिर के पास कपड़े की दुकान है। उसके कब्जे से अपराध को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक पिस्तौल भी बरामद किया गया था। हत्या के विरोध में हिन्दू संगठनों तथा लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति रोष पाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि जब हमलावर ने सुधीर सूरी पर गोलियां बरसाईं थी तो घटनास्थल पर मौजूद पुलिस उपाधीक्षक वरिंदर गोसा हमलावर को काबू करने की बजाए घटनास्थल से भाग गए। उल्लेखनीय है कि अमृतसर के श्री बाला जी धाम के महामण्डलेशवर अश्नील जी महाराज को लंबे समय से आंतकवादियों की तरफ से जान से माने की धमकियां मिल रही हैं लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कारवाई नहीं की है। महाराज अश्नील जो एक पुलिस अधिकारी भी हैं, ने बताया कि उन्हे मिल रही धमकियों की वह पुलिस आयुक्त और डीजीपी को भी शिकायत दी गई थी लेकिन अभी तक पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
