नई दिल्ली: चीनी विपणन सत्र 2021-22 में भारत से चीनी का निर्यात 90 लाख टन तक पहुंचने की पूरी संभावना है। यह पिछले कुछ वर्षों के निर्यात की तुलना में अच्छी वृद्धि दर्शाता है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के मुताबिक इस समय इंडोनेशिया, अफगानिस्तान, श्रीलंका, बंगलादेश, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया और अफ्रीकी देशों में भारतीय चीनी की अच्छी मांग है। मंत्रालय के अनुसार,’चीनी वर्ष अक्टूबर-सितंबर ( 2020-21) में भारत से 70 लाख टन चीनी का निर्यात हुआ था। वर्ष 2017-18, 2018-19 और 2019-20 में निर्यात क्रमशः 6.2 लाख टन, 38 लाख टन और 59.60 लाख टन था।’
मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी और मजबूती के बीच 2021-22 सत्र के लिए भारत से 90 लाख टन चीनी के निर्यात के अनुबंध हो चुके हैं। मंत्रालय ने कहा है कि 18 मई 2022 तक 75 लाख टन चीनी का निर्यात हो चुका है। देश में मिलों के पास चीनी के जरूरत से ज्यादा पड़े माल के निस्तारण के लिए सरकार चीनी का निर्यात बढ़ाने के लिए उन्हें वित्तीय सहायता भी प्रदान कर रही है ताकि उनके पास नकदी का प्रभाव बढ़े और वे गन्ना किसानों का बकाया निपटा सकें।
