कैथल : हरियाणा शुगर मिल कर्मचारी महासंघ के सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर आज यहां कैथल शुगर मिल में सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री बनवारी लाल के एक कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन किया। शुगर मिल के प्रांगण में कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रदर्शनकारियों की मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, सातवें वेतन आयोग के एरियर देना, एक्स्रेशिया पॉलिसी का लाभ मिलना आदि शामिल थीं।
कर्मचारियों ने धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं वीरभान कौशिक, सुरेश शर्मा व हनुमान गोदारा ने धरने को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि सरकार शुगर मिल के कर्मचारियों की जायज मांगों को लगातार अनसुना कर रही है।
उन्होंने कर्मचारियों की मांगों के संबंध में चंडीगढ़ में बैठक बुलाने की मांग की और चेतावनी दी कि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो कर्मचारी महासंघ 21 नवंबर को कुरुक्षेत्र में मनाए जाने वाले सहकारिता दिवस के कार्यक्रम का बहिष्कार करेगा। इस बीच, श्री लाल ने उनकी मांगों का ज्ञापन लेने के बाद उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी जायज मांगों पर विचार किया जाएगा।
