गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सुक्खू ने 75 करोड़ की परियोजनाओं के किये लोकार्पण, शिलान्यास

शिमला : सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को चम्बा जिले के भटियात में 75 करोड़ रु की नौ परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किये। सुक्खू ने चुवाड़ी में जनसभा को सम्बोधित करते हुये सिविल कोर्ट, डीएसपी कार्यालय, मिनी सचिवालय, स्नातकोत्तर महाविद्यालय खोलने तथा फायर ऑफिसर का पद सृजित करने की घोषणा की। उन्होंने चंबा चुवाड़ी टनल की व्यावहार्यता रिपोर्ट के लिये चार करोड़ रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की और कहा कि भट्टियात के लिये जल शक्ति विभाग का नया मण्डल खोला जायेगा और डलहौजी में भी जल शक्ति विभाग का मण्डल बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि वह साधारण परिवार से संबंध रखते हैं और कड़ी मेहनत और संघर्ष के बूते पर आज जनसेवक के रूप में कार्यरत हैं। आम लोगों के लिये कुछ करने की दृढ़ इच्छाशक्ति से ही आर्थिक चुनौतियों के बावजूद जनकल्याण के लिये योजनाएं शुरू करने की प्रेरणा मिली है। अनाथ बच्चों के लिये मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू की तथा सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल की गयी।
सुक्खू ने कहा कि जनमत एवं पार्टी विचारधारा के साथ दगा करना हिमाचल प्रदेश की संस्कृति नहीं है। यहां के लोग ईमानदार हैं और जब कोई भी जन-प्रतिनिधि अपना ईमान बेचता है तो उसे प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार पांच साल तक लोगों की सेवा करती रहेगी और किसान, महिलायें और युवा ही हमारी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि वह सत्ता के भूखे नहीं हैं और जीवन भर उन्होंने संघर्ष किया है। हम सत्ता सुख के लिये नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिये आये हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सत्ता की लालसा में अफवाहें फैलाई। आम लोगों का बजट पास न हो, इसका षड्यंत्र रचा गया। बजट 2024-25 में आम आदमी की आवाज है और 40 वर्षों में पहली बार ऐसा बजट प्रस्तुत किया गया जिसमें समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *