रायबरेली : उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पुलिस ने गुरुबख्शगंज इलाके में रहस्यमय अवस्था में हुई बुजुर्ग की हुई मौत मामले का खुलासा करते हुए हत्यारोपी मां बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बुधवार को बताया कि बीते सोमवार को सुबह पुलिस को एक बुजुर्ग मेड़ीलाल का शव संदिग्ध हालात में उसके घर से थोड़ी दूर पर पड़े होने की सूचना मिली थी। शव को प्रथम दृष्टया देखने पर खरोंच और गुप्तांगों पर चोंट के निशान थे। मृतक की पुत्र सुशील कुमार की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक मृतक का पड़ोस में रहने वाली एक महिला गीता से सम्बन्ध था और माँ के अलावा वह उसकी 19 वर्षीय बेटी पर भी बुरी निगाह रखने लगा था। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी गीता पत्नी दयाशंकर और उसकी बेटी रोशनी निवासीगण रामनगर दाउदपुर थाना गुरूबक्शगंज को थाना क्षेत्र के रामनगर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सूचना पर तत्काल क्षेत्राधिकारी लालगंज, थानाध्यक्ष गुरुबक्शगंज द्वारा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और मृतक के गले पर खरोच के तथा गुप्तांगों पर चोट के निशान को देखते हुये तत्काल शव को पंचायतनामा के उपरान्त पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया । ह्यूमेन एंड टेक्नीकल इन्टेलीजेंस की सहायता से घटना के खुलासे हेतु टीम गठित कर स्थानीय पुलिस द्वारा प्रयास किया गया ।
विवेचना के दौरान यह ज्ञात हुआ कि पिछले कई वर्षो से मृतक के अवैध संबंध उसके पड़ोस मे रहने वाली महिला गीता पत्नी दयाशंकर के साथ थे इस बात की जानकारी मोहल्ले वालो को भी थी कि मृतक मेड़ीलाल उस महिला के घर आया जाया करता था और उसकी बुरी निगाह गीता की जवान बेटी रोशनी पर भी थी। मृतक मेड़ीलाल उसकी पुत्री से आये दिन छेड़खानी भी किया करता था । इसका विरोध दोनो मां बेटी ने किया था किन्तु वह अपनी हरकत से बाज नही आ रहा था।
इसी बात से तंग आकर दोनो मां बेटी ने मिलकर मेड़ीलाल को मारने की योजना बनायी और घटना की रात करीब 12 बजे अपने घर पर पिछले दरबाजे से बुलाया और डंड़े से पीटकर एवं चुनरी से गला घोटकर हत्या कर दी तथा शव को चादर मे लपेटकर घर से करीब 100 मी दूरी पर जंगल मे फेक दिया। अभियुक्ता की निशानदेही पर उसके घर से चुन्नी,डंडा,चादर बरामद किया गया। गिरफ्तार मां बेटी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुये न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है ।
