गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सांसदों का निलंबन भाजपा की तानाशाही का प्रतीक

अयोध्या : रामअचल राजभर और लालजी वर्मा ने बुधवार को कहा कि लोकसभा में सांसदों का निलम्बन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की तानाशाही का प्रमाण है। सपा नेताओं ने यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लोकसभा में सांसदों का निलम्बन भाजपा की तानाशाही मानसिकता का परिचायक है। लोकसभा में सभी सांसदों को बोलने का हक है। देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिये अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर हराने का काम किया जायेगा।

इस लक्ष्य को लेकर हम लोग आगे बढ़ रहे हैं। पार्टी ने चुनाव जीतने के लिये कमर कस लिया है। आम जनता के बीच जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों को बताने का काम करेंगे। देश में महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और भाजपा के डिक्टेटरशिप के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन तय करेगा कि प्रदेश में किस दल को कितनी सीटें मिलनी हैं। जो सीटें सपा को मिलेगी सपा पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और इंडिया का परचम दिल्ली में लहरायेगी।

सांसदों के निलम्बन पर सपा नेता ने कहा कि विपक्ष के सांसद जब सदन में जनहित के मुद्दे पर कानून व्यवस्था जैसे सवाल उठाते हैं तो उनका मुँह बंद करने का काम किया जाता है, यह लोकतंत्र व प्रजातंत्र की हत्या है। इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय ने बताया कि यह दोनों सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री अयोध्या मण्डलायुक्त से मिलने आये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *