गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केमिकल से टैंकर में आग लगी, टैंकर हुआ राख

अलवर : राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के अंतर्गत कोटकासिम थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव के खेतों में संचालित एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार को एक टैंकर में आग लग गयी, जिससे टैंकर जलकर राख हो गया। कंपनी के अंदर खड़े टैंकर को खाली कर रहे चालक की सूझबूझ से संयंत्र में आग लगने से बचा लिया गया।
टैंकर चालक अरविंद कुमार ने बताया कि सुबह करीब 10.00 बजे वह कंपनी के अंदर टैंकर को खाली करवा रहा था, करीब छह से सात व्यक्ति टैंकर को खाली कर रहे थे, तभी अचानक केमिकल में आग लग गयी। टैंकर खाली कर रहे लोगों ने अरविंद को सूचना दी कि टैंकर में आग लग गयी है तो अरविंद तुरंत ही टैंकर को लेकर कंपनी से बाहर निकल गया। करीब 300 मीटर तक अरविंद टैंकर को चला कर खेतों में ले गया। आग जब ट्रक तक पहुंचने लगी तो अरविंद ने कुंडी निकाल कर टैंकर को ट्रक से अलग कर दिया जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
देखते ही देखते टैंकर में भरा केमिकल जलने लगा आग और धुआं इतनी तेज उठा की कई किलोमीटर तक दिखाई देने लगा। टैंकर में भरा केमिकल पूरा जल चुका है खेत में खड़े टैंकर से कटी हुई गेहूं की फसल में भी आग लग गयी, जिससे ग्रामीणों ने पहुंचकर कटी हुई फसल को दूर किया। आसपास लगे ट्यूबवेल से पाइप लगाकर पानी का छिड़काव किया, जिससे कटी हुई फसल को जलने से बचा लिया गया, लेकिन मौके पर खड़ा लाखों रुपये का टैंकर और उसमें भरा केमिकल जलकर राख हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *