गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मासूम की हत्या के आरोप में तांत्रिक हिरासत में

बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में एक मासूम की हत्या के आरोप में एक तांत्रिक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम ढाकर में एक तांत्रिक पर डेढ़ वर्ष के बच्चे को रूप में जहरीली दवा देकर मारने का आरोप है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तांत्रिक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधीक्षक देहात बजरंगबली चौरसिया ने शुक्रवार को बताया कि खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के भीम नगर निवासी जितेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें उन्होंने बताया कि उनके डेढ़ साल के बच्चे अनुज की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इलाज के लिए उसकी पत्नी बेटे को लेकर तांत्रिक अजय सिंह के घर पर लेकर गई। यहां तांत्रिक ने बच्चे को कुछ दवाई खिलाई। इसके बाद बच्चे की हालत और बिगड़ने लगी। बच्चे की हालत बिगड़ने पर तांत्रिक अजय ने बच्चे को मां के साथ भगा दिया। आनन-फानन में मां बच्चे को अस्पताल में लेकर गई।
बच्चे की नाजुक हालत को देखकर डॉक्टरों ने बच्चे को राजकीय अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। इस दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। बाद में परिजनों ने थाने में तांत्रिक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने तांत्रिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तांत्रिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *