गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

टीसीएस का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ आठ प्रतिशत बढ़कर 10,431 करोड़ रुपये

नयी दिल्ली : प्रमुख आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड (टीसीएस) का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में वार्षिक आधार पर 8.38 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 10,431 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का वित्त वर्ष 2021-22 की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 9,624 करोड़ रुपये था।
टीसीएस के निदेशक मंडल ने एक रुपये अंकित मूल्य वाले शेयर पर आठ रुपये प्रति शेयर की दर से दूसरे अंतरिम लाभांश की घोषणा। कंपनी का परिणामों के उपरांत सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर शेयर दो प्रतिशत के उछाल के साथ 3,121 रुपये पर बंद हुआ। टीसीएस का राजस्व जुलाई-सितंबर 2022 तिमाही में 18 प्रतिशत बढ़कर 55,309 करोड़ रुपये रहा जो एक वर्ष पूर्व समान अवधि में 46,867 करोड़ रुपये था।
टीसीएस के मुख्य कार्यकारी और प्रबंधन निदेशक राजेश गोपीनाथन ने कहा कि कंपनी की सेवाओं के लिए लगातार मजबूत मांग बनी हुयी है। उन्होंने कहा,“ हमने अपने सभी उद्योग क्षेत्रों और अपने सभी प्रमुख बाजारों में मजबूत और लाभदायक वृद्धि दर्ज की है। विकास और परिवर्तन की पहल, क्लाउड माइग्रेशन और आउटसोर्सिंग जुड़ाव के स्वस्थ मिश्रण के साथ हमारी ऑर्डर बुक अच्छी तरह से पकड़ रही है। टीसीएस के पास इस अनिवार्यता को पूरा करने के लिए प्रासंगिक ज्ञान, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञता और निष्पादन कठोरता का संयोजन है। ”
आधिकारिक बयान के अनुसार, आलोच्य तिमाही में कंपनी की वृद्धि में खुदरा और सीपीजी का हिस्सा 22.9 प्रतिशत, संचार एवं मिडिया का 18.7 प्रतिशत और तकनीक एवं सेवाओं का 15.9 प्रतिशत का हिस्सा रहा। विनिर्माण के साथ-साथ जीवन विज्ञान और स्वास्थ्य क्षेत्रों में 14.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि बीएफएसआई में 13.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
प्रमुख बाजारों में से उत्तरी अमेरिका में 17.6 प्रतिशत, महाद्वीपीय यूरोप में 14.1 प्रतिशत और ब्रिटेन में 14.8 प्रतिशत की वृद्धि हुयी है जबकि उभरते बाजारों में भारत में 16.7 प्रतिशत, लातिन अमेरिका में 19 प्रतिशत, मध्य पूर्व और अफ्रीका में 8.2 प्रतिशत और एशिया प्रशांत में सात प्रतिशत की वृद्धि हुयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *