ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में टीचर की पिटाई से 5वीं के छात्र की मौत हो गई। परिजनों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। रास्ते पर जाम लगाया। पुलिस ने समझा-बुझाकर किसी तरह से मामला शांत कराया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी टीचर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बताया जा रहा है कि 7 अक्टूबर को होमवर्क न करने पर टीचर ने छात्र को पीटा था। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी। शनिवार को इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी टीचर फरार है। पुलिस की चार टीमें आरोपी की तलाश में लगी हैं।
पुलिस के मुताबिक, बंबावड गांव के देवदत्त मजूदरी करते हैं। उनकी पत्नी मीनाक्षी प्राइवेट कंपनी में जॉब करती हैं। देवदत्त का बड़ा बेटा 11 साल का प्रिंस गांव के कैप्टन सांवलिया पब्लिक स्कूल में 5वीं क्लास में पढ़ता था। गांव का ही रहने वाला शोभरण स्कूल में टीचर है। गुरुवार को शोभरण ने 5वीं क्लास के सभी बच्चों को होमवर्क में याद करने के लिए दिया था।
होमवर्क याद करके स्कूल नहीं गया था प्रिंस
परिजनों के मुताबिक, प्रिंस होमवर्क याद नहीं कर पाया था। इसलिए शुक्रवार को वह स्कूल न जाने की जिद करने लगा। किसी तरह से समझा-बुझाकर उसे शुक्रवार को स्कूल भेजा। होमवर्क याद न करके आने पर टीचर शोभरण ने प्रिंस को बुरी तरह से पीटा। उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। वह बेहोश हो गया। टीचर ने परिजनों को फोन करके प्रिंस की तबीयत खराब होने की जानकारी दी।
इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ा
इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे। परिजन और टीचर प्रिंस को दादरी में प्राइवेट अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से किसी ने भी एडमिट नहीं किया। इसके बाद परिजनों ने छात्र को दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार शाम को इलाज के दौरान प्रिंस की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि टीचर ने प्रिंस के सिर पर इतनी बुरी तरह से मारा था कि उसकी सिर की नसें फट गई थीं। इससे उसको ब्रेन हैमरेज हो गया। वो मानसिक संतुलन खो बैठा। कहा कि टीचर शोभरण ने प्रिंस को पीटने की बात कबूल की थी। उसने कहा था कि उससे गलती हो गई।
प्रिंस की मौत के बाद परिजनों ने रविवार को बादलपुर कोतवाली पर हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा अरविंद कुमार ने बताया कि छात्र की मां मिनाक्षी की तहरीर पर आरोपी शिक्षक शोभरण के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
टीचर ने होमवर्क न करने पर छात्र को पीटा, मौत
