भुवनेश्वर : मनसुख मांडविया ने रविवार को कहा कि ओडिशा के बालासोर रेल हादसे में घायल एक हजार से अधिक लोगों में से कम से कम 100 लोगों की हालत गंभीर हैं और ऐसे लोगों के इलाज के लिए दिल्ली से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आवश्यक दवाइयों और आधुनिक उपकरणों के साथ यहां पहुंच गयी है।
मांडविया ने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स), लेडी हार्डिंग और राम मनोहर लोहिया(आरएमल) अस्पातल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सेना के विशेष विमान से सुबह यहां पहुंची।केंद्रीय मंत्री एम्स, भुवनेश्वर में घायल यात्रियों से मिलने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा,“ शुक्रवार शाम बालासोर ट्रेन दुर्घटना में 1,000 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में से 100 से अधिक को क्रिटिकल केयर यूनिट में इलाज और कुछ को ऑपरेशन की आवश्यकता है।”
मंडाविया स्थिति की समीक्षा करने और एम्स, भुवनेश्वर में विस्तार से चर्चा करने के बाद आज सुबह यहां पहुंचे। उन्होंने कहा,“ दिल्ली एम्स, लेडी हार्डिंग और आरएमएल अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम एयरफोर्स के विशेष विमान से उपकरणों और दवाओं के साथ यहां पहुंची। किस मरीज को किस तरह के इलाज की जरूरत है और कौन से विशेषज्ञ डॉक्टर इलाज कर सकते हैं, इस बारे में विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है।
जल्द ही इलाज शुरू होगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बच सके।” केंद्रीय मंत्री का राजधानी अस्पताल, भुवनेश्वर और एससीबी मेडिकल कॉलेज कटक का दौरा करने और घायल यात्रियों से बातचीत करने का भी कार्यक्रम है। उनका रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ एससीबी मेडिकल कॉलेज, कटक में एक समन्वित बैठक भी करने का कार्यक्रम है।
