हैदराबाद : तेलंगाना की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) स्वाति लकड़ा ने शुक्रवार को अमीनपुर बलात्कार और हत्या मामले में संगारेड्डी की विशेष पॉक्सो फास्ट ट्रैक अदालत द्वारा सुनाए गए फैसले का स्वागत किया है। यह मामला 14 वर्षीय अनाथ नाबालिग किशोरी के साथ नरेदिया वेणुगोपाल रेड्डी अनाथालय के दानदाताओं में से एक के द्वारा किया गया यौन उत्पीड़न का मामला है। उस समय पीड़िता अमीनपुर के अनाथालय में रहती थी। बाद में, इलाज के दौरान पीड़िता की मौत हो गई।
पुलिस ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि इस अपराध में शामिल तीनों आरोपियों को दोषी पाया गया और उन्हें आजीवन कारावास के साथ-सात 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। एडीजीपी स्वाति तेलंगाना पुलिस की महिला सुरक्षा विंग की प्रमुख भी हैं और उन्होंने एसपी संगारेड्डी, अमीनपुर पुलिस टीम, विशेष रूप से डीएसपी, सत्यनारायण राजू, सीआई मुरली, कोर्ट कांस्टेबल, रुक्मेंद्र राव, फणी कुमार, लोक अभियोजक को इस मामले में जांच करने के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि इस सनसनीखेज मामले में पुलिस, चिकित्सा और स्वास्थ्य, महिला और बाल कल्याण, अभियोजन जैसे सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल रहा, जिससे किशोरी को न्याय प्राप्त हो सका। उन्होंने कहा कि यह मामला उन सभी लोगों के लिए ज्ञानवर्धक साबित होगा जो राज्य में चाइल्ड केयर संस्थान चलाते हैं। बच्चों के खिलाफ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर पुलिस कार्रवाई करेगी और दोषियों को कानूनी रूप से दंडित किया जाएगा।
तेलंगाना : एडीजीपी ने किया दुष्कर्म मामले में अदालत के फैसले का स्वागत
