हैदराबाद : के. चंद्रशेखर राव ने तेलंगाना के शतरंज खिलाड़ी उप्पला प्रणीत को ग्रैंडमास्टर की उपाधि हासिल करने पर बधाई देते हुए 2.5 करोड़ रुपये की धनराशि से सम्मानित करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार प्रणीत को यह धनराशि प्रशिक्षण और अन्य खर्चों के लिये दी जायेगी। राव ने कहा कि प्रणीत (16) की लगन, मेहनत और समर्पण ने उन्हें ग्रैंडमास्टर बनाया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रणीत और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे और भविष्य में तेलंगाना एवं भारत के लिये ख्याति अर्जित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रणीत की आकांक्षाओं को पूरा करने में उनका हर कदम पर सहयोग करेगी। इसी बीच, राव ने शतरंज चैंपियन वीरलापल्ली नंदिता को ‘महिला कैंडिडेट मास्टर’ बनने पर 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने 19 वर्षीय नंदिता को विश्व शतरंज महासंघ द्वारा यह उपाधि दिये जाने पर बधाई दी। उन्होंने कामना की कि नंदिता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी ऊंचाइयों को छुए।
