श्रीनगर : कश्मीर में गुलमर्ग और पहलगाम पहाड़ी रिसॉर्ट्स मंं रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (एमईटी) ने शनिवार को यह जानकारी दी। मौसम अधिकारी ने बताया कि घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात के तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर रहा और जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शुक्रवार के 4.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग का स्की रिसॉर्ट कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।
गुलमर्ग में पारा शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण में पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में पारा 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में नौ नवंबर तक मौसम शुष्क रहने के अनुमान है।
मौसम अधिकारियों ने कहा, “ दो से सात दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने और आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। आज से न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने के अनुमान हैं।” इस बीच, जम्मू संभाग के राजौरी और पुंछ जिलों को कश्मीर के शोपियां से जोड़ने वाली मुगल रोड पर ऊंचे इलाकों में बर्फ जमा होने के कारण शनिवार को यातायात बंद कर दिया गया जबकि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को यातायात सामान्य रूप से चला।
