गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अयोध्या में मेहमानो के स्वागत के लिये तैयार है टेंट सिटी

अयोध्या : भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर हो रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आगंतुकों के लिये कई टेंट सिटी बन करके अगवानी के लिये तैयार हो गयी हैं। विश्व हिन्दू परिषद के प्रभारी क्षेत्रीय संगठन मनोज ने गुरुवार को बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में हो रहे प्राण प्रतिष्ठा में आगंतुकों के लिये कई टेंट सिटी बनकर तैयार हो गये हैं। मणिपर्वत के निकट तीर्थ क्षेत्र पुरम् समेत तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा तैयार कराई जा रही सभी टेंट सिटी में व्यवस्थाएं परिपूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया आवासीय व्यवस्था के तहत मणि पर्वत के पास तैयार किए गए तीर्थ क्षेत्र पुरम में आठ हजार बिस्तर आगंतुकों के लिए हैं। पूरे परिसर को छह नगरों में बांटा गया है। इसके अलावा छावनी के योग केंद्र और कारसेवकपुरम में भी आवासीय व्यवस्था पूर्ण हो गई है।
मनोज ने बताया तीर्थ क्षेत्र पुरम में पांच भोजनालय प्रारंभ हो गए हैं इसमें करीब 2000 लोगों का भोजन रोज बन रहा है। यहां पर दस शैया वाला अस्पताल भी बनकर तैयार हो गया है जिसमें 20 चिकित्सकों के साथ हर तरह की बीमारी से निपटने के लिये सक्षम हैं। उन्होंने बताया तमाम चिकित्सक रिजर्व में भी रखे गये हैं।
विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री और आवास योजना के प्रभारी कोटेश्वर शर्मा ने बताया की तीर्थ क्षेत्र द्वारा बसाई गई सभी टेंट सिटी में सभी सुविधाएं जुटा ली गई हैं। तीर्थ क्षेत्र पुरम में 300 वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था भी आगन्तुकों के लिये की गई है। इसके अलावा दुपहिया वाहनों की पार्किंग बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि छावनी योग केंद्र की टेंट सिटी को यहां की व्यवस्था में महेश, डा.परमानंद, रनदीप पोखरिया, धईरजजई, कुलदीप रावल, ब्रजेशानंद, राम मिलन, पंकज आदि को लगाया गया है। इसके अलावा कारसेवकपुरम की टेंट सिटी भी आगंतुकों की अगवानी करने के लिये तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *