गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़

हथियार एवं गोला-बारूद बरामद

श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों ने बुधवार को कुपवाड़ा जिले में आतंकवादियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ करके बड़ी संख्या में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया। पुलिस ने यहां यह जानकारी दी। उसने बताया कि लोलाब इलाके में आतंकवादियों के ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया। इस अभियान के माध्यम से आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधियों और इलाके में शांति भंग करने के उनके नापाक मंसूबों को विफल कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि लोलाब के चरकुट इलाके में तैनात राष्ट्रीय राइफल के जवानों को मंगलवार सुबह कांगुर नाला, टेकीपोरा के सामान्य क्षेत्र में आतंकवादियों का एक पुराना ठिकाना तथा कुछ हथियारों और गोला-बारूद होने के बारे में विश्वसनीय जानकारी प्राप्त हुई थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद लोलाब में तैनात 28 राष्ट्रीय राइफल ने तुरंत वहां तलाशी अभियान शुरू किया लेकिन गहन तलाशी के बावजूद कल कोई नतीजा सामने नहीं आया।
सूत्रों को आतंकवादी ठिकाने की मौजूदगी पर पूरा विश्वास था इसलिए, आरआर और विशेष बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों ने आज तड़के गहन तलाशी अभियान चलाया तथा कंगुर नाला के दोनों तरफ फैले आतंकियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया। इस अभियान के दौरान रूस निर्मित एक अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, एक यूबीजीएल ग्रेनेड, छह चीनी ग्रेनेड टाइप 1, दो चीनी हैंड ग्रेनेड, एके 47 की दो मैगजीन, कुछ एके 47 राउंड, एक दूरबीन और एक पाउच बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *