जम्मू : केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को हिज़बुल मुजाहिदीन के आतंकवादी के ठिकाने का भंडाफोड़ किया। किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खलील पोसवाल ने कहा कि पुलिस ने सेना और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी जहांगीर सरूरी के ठिकाने को ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादी ठिकाने से दो कंबल, खाद्य वस्तुएं और निजी उपयोग की वस्तुएं बरामद की गईं, जो ठिकाने में आतंकवादी की मौजूदगी का संकेत देती हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बताया कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी ली जा रही है। उन्होंने कहा, “हमारा मिशन हमारे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, और यह ऑपरेशन क्षेत्र से आतंकवाद के खात्म करने के हमारे चल रहे प्रयासों के लिए एक शानदार सफलता है।” किश्तवाड़ पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधियों के बारे में तुरंत रिपोर्ट करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग कानून व्यवस्था बनाए रखने और सभी निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़
