गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कपड़ा उद्योग को बुलंदियों पर ले जाएगा टेक्सटाइल पार्क

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मेगा टेक्सटाइल पार्क को केन्द्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के कपड़ा उद्योग को बुलंदियों पर ले जायेगा। मेगा टेक्सटाइल पार्क के मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने देश के सात राज्यों में पीएम मित्र (प्रधानमंत्री मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल) पार्क स्थापित करने की मंजूरी दी है।

इसके बाद लखनऊ में 1200 करोड़ की लागत से 1000 एकड़ में बनने जा रहे मेगा टेक्सटाइल पार्क का रास्ता साफ हो गया है। इसके जरिए वस्त्रोद्योग से जुड़े सारे कार्य व सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। सरकार को इस मेगा टेक्स्टाइल पार्क के जरिए 10 हजार करोड़ के निवेश की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया “ मेक इन इंडिया एंड मेक फॉर दि वर्ल्ड के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्पण अभिनंदनीय है। उत्तर प्रदेश को इस सौगात के लिए 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी का आभार। उत्तर प्रदेश में स्थापित होने जा रहा यह टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के कपड़ा उद्योग को नई पहचान देने के साथ ही करोड़ों रुपये की निवेश संभावनाओं और लाखों रोजगारों के सृजन का कारक बनेगा।”
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मेगा टेक्सटाइल पार्क को केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब इसे धरातल पर उतारने के लिए योगी सरकार एक स्पेशल पर्पस वेहकिल (एसपीवी) का गठन करेगी। इस के लिए 10 करोड़ (पेड अप कैपिटल) की व्यवस्था की गई है, जिसमें 51 प्रतिशत अंश उत्तर प्रदेश सरकार का, जबकि 49 प्रतिशत अंश केंद्र सरकार का होगा। टेक्सटाइल पार्क को पीपीपी मोड पर विकसित किया जायेगा। हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग को इस के लिए निःशुल्क भूमि उपलब्ध करायी जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *