गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बाहरी व्यापारी मामले में प्रशासन ने दिखाये सख्त तेवर

धारचूला/नैनीताल : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के सीमांत धारचूला में बाहरी व्यापारियों के मामले में पुलिस और जिला प्रशासन ने कड़ा रूख अख्तियार किया और कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। जिलाधिकारी (डीएम) रीना जोशी और नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) रेखा यादव आज धारचूला पहुंची तथा उन्होंने आम चुनाव, होली त्योहार पर शांति व्यवस्था के साथ ही बाहरी दुकानदारों के मुद्दे पर स्थानीय व्यापार मंडल, जनप्रतिनिधियों के साथ ही आम लोगों से वार्तालाप की।
ब्लाक सभागार में हुई बैठक में डीएम जोशी ने कहा कि किसी को भी कानून व्यवस्था हाथ में नहीं लेने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार किसी भी व्यापारी को व्यापार करने से नहीं रोका जा सकता है। अगर किसी ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रशासन सख्ती से पेश आयेगा।
एसपी रेखा यादव ने भी इस मामले में कड़े रूख दिखाये। इसके बाद आंदोलनकारियों के रूख में बदलाव आया है। जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद पीड़ित दुकानदारों ने बुधवार को अपने प्रतिष्ठान और दुकानें खोलीं। गौरतलब है कि धारचूला में एक समुदाय विशेष का युवक कुछ समय पहले दो नाबालिग लड़कियों को भगा कर ले गया था। हालांकि पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया था।
इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। तभी से स्थानीय जनता, जनप्रतिनिधि और व्यापारी इस मामले को लेकर आंदोलित थे। आंदोलनकारी कथित रूप से लगभग पांच दर्जन बाहरी दुकानदारों को धारचूला से बाहर करने की मांग कर रहे थे। हालांकि कुछ लोग इसके विरोध में थे। उन्होंने जिला प्रशासन को इस मामले में ज्ञापन भी सौंपा।
बताया जा रहा है कि आक्रोशित व्यापार मंडल ने भी बाहरी व्यापारियों को व्यापार मंडल से बाहर का रास्ता दिखा दिया और उनकी सदस्यता खत्म कर दी थी। आज प्रशासन के रूख के बाद लोगों के तेवर कुछ नरम पड़े बताये जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *