मुंबई : वैश्विक स्तर के कमजोर संकेतों के बावजूद घरेलू स्तर पर सीजी, बैंकिंग, वित्तीय सेवायें, सेवायें, टेक, धातु, तेल एवं गैस, इंडस्ट्रीयल और ऑटो जैसे समूहों में हुयी लिवाली के बल पर शेयर बाजार में जारी गिरावट पर आज ब्रेक लग गया और सेंसेक्स तथा निफ्टी हरे निशान में बंद होने में सफल रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 160 अंकों की बढ़त के साथ 62570.68 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 48.85 अंक चढ़कर 18609.35 अंक पर रहा। इस दौरान मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली हुयी जिससे बीएसई का मिडकैप 0.43 प्रतिशत बढ़कर 26096.32 अंक पर और स्मॉलकैप 0.32 प्रतिशत उठकर 29855.79 अंक पर रहा।
बीएसई में शामिल समूहों में से अधिकांश समूह हरे निशान में दिखे। कुछ समूह लाल निशान में भी रहे। बीएसई में कुल 3619 कंपनियों में कारोबार हुआ जिसमें से 1808 बढ़त में और 1681 गिरावट में रही जबकि 130 में कोई बदलाव नहीं हुआ। वैश्विक स्तर पर अधिकांश बड़े सूचकांक लाल निशान में रहा। जापान का निक्केई 0.40 प्रतिशत, जर्मनी का डैक्स 0.34 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.07 प्रतिशत टूट गया जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 3.38 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.01 प्रतिशत बढ़ गया।
शेयर बाजार में लौटी तेजी
