भोपाल : शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज हुई मंत्रिपरिषद् की बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई।
गृह मंत्री और प्रदेश सरकार के प्रवक्ता डॉ नरोत्तम मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि मंत्रिपरिषद् ने संविदा कर्मचारियों की महापंचायत में की गई घोषणाओं को मंजूरी दे दी। साथ ही कर्मचारियों को चार फीसदी महंगाई भत्ता और जनवरी से जून 2023 तक छह माह का एरियर दिए जाने को भी मंजूरी दे दी गई।
उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना में 21 वर्ष की विवाहित महिलाओं के साथ ट्रैक्टर धारक परिवार वाली महिलाओं को भी योजना का लाभ दिए जाने को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। इन सभी को 10 सितम्बर की किस्त में लाभ मिलेगा।
गृह मंत्री ने बताया कि सलकनपुर नील कछार 4 लेन, इंदौर इच्छापुर मार्ग से ओंकारेश्वर नए बस स्टैंड तक 4 लेन, मैहर तीर्थ स्थान सहित प्रदेश में विभिन्न स्थानों के लिए एक हजार 842 करोड़ रुपए की सड़कों और फ्लायओवर को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। साथ ही निवाड़ी जिले में 19 पदों की स्वीकृति दी गई है। इनमें उप संचालक कृषि और आत्मा परियोजना के पद शामिल हैं।
कैबिनेट ने दी कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी
