गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा सरकार में महिलाओं की स्थिति हुई बद से बदतर

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को महिला विरोधी करार देते हुए कहा है कि आठ साल के उसके शासन में महिलाओं की स्थिति बद से बदतर हुई है। श्री गांधी ने एक फेसबुक पोस्ट में गुजरात में दुष्कर्म के आरोपियों को रिहा करने को लेकर भाजपा सरकार पर हमला किया और कहा “ज़रा सोचिए। क्या विश्व में कोई भी ऐसा देश है जो महिलाओं के विकास के बिना आगे बढ़ पाया है। कौन सा ऐसा देश है जहां हत्यारों और बलात्कारियों को जेल से रिहा कर, फूल मालाओं से स्वागत किया जाता है और क्या वो देश तरक्की कर पा रहे हैं। क्या यह सच नहीं है कि पिछले आठ सालों में महिला सुरक्षा की स्थिति बद से बदतर हो गई है।”
उन्होंने सरकार पर महिलाओं पर अत्याचार करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा, “भाजपा सरकार सिर्फ़ आंखें मूंद कर नहीं बैठी है, बल्कि अपराधियों को संरक्षण देने में लगी है। महिलाएं देश की ताक़त हैं। इनके सशक्तिकरण से ही भारत प्रगतिशील बनेगा। आज वो हमारे साथ कंधे से कंधा मिला कर इस यात्रा में चल रही हैं। मैं चाहता हूं, देश की सभी महिलाएं इसी प्रकार देश के प्रगतिकार्य में बराबर का योगदान दे पाएं। इनको सुरक्षा, सम्मान और बराबरी के अधिकार दिलाना, प्रण है हमारा। और हम वो पूरा कर के रहेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *